*बीसीए-बीबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए 31 अक्टूबर तक करें नामांकन*
*छपरा।* जयप्रकाश विश्वविद्यालय के त्रिवर्षीय व्यावसायिक पाठ्यक्रम में नामांकन के इच्छुक छात्र छात्रा आगामी 31 अक्टूबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। वोकेशनल कोर्सेज के निदेशक प्रो. अजित कुमार तिवारी जी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि माननीय कुलपति महोदय के निदेशानुसार त्रिवर्षीय वोकेशनल कोर्स सत्र 2025 - 28 में बीसीए (बैचलर ऑफ कम्प्यूटर एप्लिकेशन), बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन), बीएमसी (बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन), बीएससी (बॉयोटेक्नोलॉजी), बीएससी (इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरीज) जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर नामांकन हेतु 31 अक्टूबर 2025 तक आवेदन का मौका विश्वविद्यालय द्वारा दिया गया है। इन पाठ्यक्रमों के सत्र 2025-28 के शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में नामांकन के इच्छुक छात्र-छात्रा विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि व्यावसायिक पाठ्यक्रम की पढ़ाई के उपरांत छात्र-छात्राओं को नौकरी-रोजगार के अवसर प्रचुर संख्या में उपलब्ध हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि माननीय कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेई जी के दिशानिर्देश पर विश्वविद्यालय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम के सैद्धांतिक और प्रायोगिक पठन-पाठन की अच्छी व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके प्लेसमेंट हेतु विश्वविद्यालय द्वारा देश की नामचीन कंपनियों को बुलाया जाता है। इन कंपनियों में ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हो, इसके लिए विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है। बता दें कि इससे पूर्व टेक जायंट टेक महिंद्रा, एमआरएफ, फार्मा मल्टीनेशनल कंपनी ग्लेनमार्क, फ्लिपकार्ट, सिएट जैसी विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों के प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा चुका है जिसमें अबतक 500 से ज्यादा अभ्यर्थियों को योग्यतानुरूप अच्छी नौकरी प्राप्त हुई है।