सारनाथ बौद्ध स्थल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाने… — UJJWAL IAS AYODHYA®™ — TG.ME

सारनाथ बौद्ध स्थल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाने वाला भारत का 45वाँ तथा उत्तर प्रदेश का चौथा स्थल है. उत्तर प्रदेश के 3 अन्य स्थल–आगरा का ताजमहल, आगरा का लाल किला तथा फतेहपुर सीकरी (तीनों आगरा के) ही इससे पूर्व यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल थे. वाराणसी स्थित सारनाथ बौद्ध स्थल को इस सूची में शामिल किए जाने से सूची में उत्तर प्रदेश के स्थलों की संख्या 4 हो गई है. वाराणसी शहर पहले ही 2015 से यूनेस्को के क्रिएटिव सिटी ऑफ़ म्यूजिक के रूप में अधिसूचित है.
यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल किए गए सारनाथ के बौद्ध स्थल के दो भाग हैं—चौखंडी स्तूप तथा सारनाथ के पुरातात्विक अवशेष (धमेक स्तूप, धर्मराजिका स्तूप, मूलगंधकुटी विहार व अशोक स्तम्भ आदि). चौखंडी स्तूप उस स्थान का प्रतीक माना जाता है, जहाँ भगवान बुद्ध का अपने पाँच प्रथम शिष्यों के साथ मिलन हुआ था. यह दोनों हिस्से मिलकर सारनाथ के प्राचीन पवित्र स्थल की ओर इशारा करते हैं, जहाँ छठी शताब्दी ईसा पूर्व में बुद्ध आए थे तथा उन्होंने अपना पहला उपदेश (जिसे 'धर्मचक्र प्रवर्तन' के रूप में जाना जाता है) दिया था.
सारनाथ के बौद्ध स्थल को 1998 ई. में यूनेस्को की विश्व धरोहर की सम्भावित सूची (Tentative List) में शामिल किया गया था तथा इसे विश्व धरोहर सूची में शामिल करने का प्रस्ताव जनवरी 2025 में विश्व धरोहर समिति के विचारार्थ भेजा गया था. 18 माह तक चले तकनीकी विचार-विमर्श तथा स्थल के निरीक्षण आदि के पश्चात् विश्व धरोहर समिति के द. कोरिया के बुसान में 48वें सत्र में इसे विश्व धरोहर सूची में शामिल करने का निर्णय यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति ने किया. विश्व धरोहर का दर्जा मिलने से बौद्ध धर्म के जन्म-स्थान के तौर पर भारत की पहचान और मजबूत होगी. साथ ही जापान, थाइलैण्ड, श्रीलंका, म्यांमार, कम्बोडिया, वियतनाम, द. कोरिया व मंगोलिया जैसे देशों के साथ सांस्कृतिक सम्बन्धों में और गहराई आएगी. सारनाथ के बौद्ध स्थलों को विश्व विरासत सूची में शामिल किए जाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के लोगों को बधाई दी है.
सारनाथ के बौद्ध स्थल को विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने से यूनेस्को की इस सूची में भारत के स्थलों की संख्या अब 45 हो गई है. इनमें 37 स्थल सांस्कृतिक स्थलों की सूची में, 7 प्राकृतिक स्थलों की सूची में तथा 1 स्थल मिश्रित स्थलों की सूची में है.
❤15
September 7, 2026 3.7K 6