सेवा में,
माननीय मुख्यमंत्री जी,
श्री योगी आदित्यनाथ जी,
उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ।
विषय: बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 6–8) में सहायक अध्यापक के रिक्त पदों पर वर्ष 2013 के बाद से भर्ती विज्ञापन जारी न होने के संबंध में E-अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजकर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु अनुरोध।
महोदय,
सविनय निवेदन है कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 6–8) में सहायक अध्यापक के पदों पर वर्ष 2013 के बाद से कोई व्यापक भर्ती विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया संचालित न होने के कारण प्रदेश के लाखों BTC/D.El.Ed. एवं B.Ed. अभ्यर्थी रोजगार के अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
हाल ही में उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 6–8) में सहायक अध्यापक भर्ती के लिए पाठ्यक्रम (Syllabus) जारी किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद जगी है। किंतु अभी तक भर्ती विज्ञापन अथवा उपलब्ध रिक्त पदों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इसके कारण लाखों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है और वे यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि आगामी भर्ती के लिए अपनी तैयारी किस प्रकार करें।
अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि प्रमुख सचिव/महानिदेशक, बेसिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा परिषद के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें, ताकि उच्च प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 6–8) में वर्तमान में रिक्त सहायक अध्यापक के पदों का विधिवत अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को शीघ्र भेजा जा सके तथा आयोग द्वारा नियमानुसार भर्ती का विज्ञापन यथाशीघ्र जारी किया जा सके।
विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता, शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के हित तथा प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दृष्टि से लंबे समय से लंबित इस भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
हमें पूर्ण आशा एवं विश्वास है कि माननीय मुख्यमंत्री जी इस लगभग 13 वर्षों से लंबित भर्ती प्रकरण पर सहानुभूतिपूर्वक एवं त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करेंगे, जिससे प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके तथा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में सहायता मिले।
अतः पुनः विनम्र निवेदन है कि उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 6–8) में सहायक अध्यापक के रिक्त पदों का E-अधियाचन शीघ्र उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजवाकर भर्ती विज्ञापन जारी कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें।
सादर धन्यवाद।
भवदीय,
प्रदेश के प्रभावित BTC/D.El.Ed. एवं B.Ed. अभ्यर्थियों की ओर से
1September 6, 2026 215 1