रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना में छात्राओं को दस्तावेज जमा करने का अंतिम मौका आज
मेरठ : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं में चयनित टाप पांच प्रतिशत छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ दिलाने के लिए दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। 26 और 27 अगस्त को वांछित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकने वाली छात्राओं को शनिवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय मूल्यांकन भवन के पंचम तल पर दस्तावेज जमा करने का अंतिम अवसर दिया गया है। जो छात्राएं निर्धारित समय तक रिपोर्ट नहीं करेंगी, उनके संबंध में माना जाएगा कि वे योजना के लिए अभिलेख प्रस्तुत करने की इच्छुक नहीं हैं। इसके अलावा 26 और 27 अगस्त को किसी कारणवश एक या एक से अधिक अभिलेख जमा नहीं कर पाने वाली छात्राओं को भी शनिवार दोपहर 12 बजे तक दस्तावेज प्रस्तुत करने का मौका दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि शासन पोर्टल पर आवेदन और आधार सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अगस्त है। ऐसे में सभी संबंधित छात्राओं को शनिवार तक अपने अभिलेख जमा करना सुनिश्चित करना होगा, आवश्यक दस्तावेजों में अपार आइडी, जन्मतिथि, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, श्रेणी, नवीनतम निवास प्रमाणपत्र आवेदन संख्या व आइडी, नवीनतम आय प्रमाणपत्र आवेदन संख्या व आइडी, सभी सेमेस्टर की स्नातक अंकतालिकाएं और आधार कार्ड शामिल हैं।
August 29, 2026 1.2K