हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) भर्ती परीक्षाओं को लेकर ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली में नया प्रयोग करने जा रहा है। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के बाद अब आयोग टैबलेट बेस्ड टेस्ट (टीबीटी) की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। अभ्यर्थियों को नई परीक्षा प्रणाली से परिचित करवाने के लिए आयोग की ओर से निशुल्क मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
मॉक टेस्ट हमीरपुर स्थित आयोग के केंद्र में आयोजित होगा। पहले चरण में 10 अगस्त को 100 अभ्यर्थियों को टैबलेट पर परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद मॉक टेस्ट के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 19 अगस्त तक जारी रहेगी। इसमें केवल वे अभ्यर्थी निशुल्क आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने आयोग के पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करवा रखा है।
आयोग फिलहाल एक निजी कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर बेस्ड ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करवा रहा है। अब इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए टैबलेट के माध्यम से परीक्षा करवाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए संबंधित कंपनी के माध्यम से ही टैबलेट आधारित मॉक टेस्ट करवाया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा से पहले नई तकनीक का अनुभव मिल सके।
आयोग की योजना पहली टैबलेट आधारित भर्ती परीक्षा के लिए करीब 10 हजार टैबलेट उपलब्ध करवाने की है। मॉक टेस्ट के जरिए अभ्यर्थियों को टैबलेट पर प्रश्न पढ़ने, उत्तर दर्ज करने और परीक्षा प्रणाली को समझने का अभ्यास कराया जाएगा। इससे वास्तविक परीक्षा के दौरान तकनीकी प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों की झिझक कम करने में मदद मिलेगी।
एचपीआरसीए का यह कदम भर्ती परीक्षाओं को अधिक डिजिटल और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि टैबलेट आधारित परीक्षा का प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में आयोग की अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी टीबीटी प्रणाली लागू किए जाने की संभावना है।
10August 13, 2026 1.9K 3